गर्मी का कहर लगातार जारी है। मई महीने के मध्यांतर के बाद से तापमान में लगातार हो रहे इजाफे से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लॉकडाउन के बीच केवल जरूरी काम के लिए बाहर निकलने वाले लोग घरों में पसीने से तर-ब-तर हो रहे हैं। मई महीने की शुरुआत से लेकर पहले दो सप्ताह बीच-बीच में बादल छाने और बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहे। यहाँ तक कि कई दिन लोगों ने रात के समय ठंड भी महसूस की थी। वहीं, महीने के मध्यांतर के बाद मौसम ने करवट लेते हुए लोगों को गर्मी का अहसास करवा दिया है।
वीकेंड पर अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस तापमान का आंकड़ा पार होने के बाद गर्मी ने अपना रंग दिखाया। इस दौरान जिन इलाकों में पावर कट लगा था, वहां दिक्कत और बहुत ज्यादा हो रही थी। उधर, मौसम विभाग के संकेत भी राहत देने वाले नहीं है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले सप्ताह में तापमान में निश्चित रूप से इजाफा होगा। हालांकि, 30 मई को बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

No comments:
Post a Comment