बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में प्रवासी मजदूरों को ले जा रही एक बस और ट्रक की टक्कर में एक मजदूर सहित दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। बेमेतरा जिले के पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले के नंदघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेमरी गांव के पास रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर एक बस और ट्रक की टक्कर में एक बस चालक और एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि झारखंड और बिहार के मजदूर अपने घरों में जाने के लिए महाराष्ट्र से चले गए थे। जब वे छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा पर बगानदी के पास पहुँचे, तो उन्हें झारखंड की सीमा तक छोड़ने के लिए एक बस की व्यवस्था की गई।
उन्होंने बताया कि सुबह तेमरी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक गुहाराम सोनवानी निवासी राजनांदगांव और मजदूर देवनाथ निवासी बिहार की मौके पर ही मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जब पुलिस को घटना के बारे में जानकारी मिली, तो पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों और शवों को अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है और उन्हें बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
No comments:
Post a Comment